बिहार के जमुई में एक दुल्हन सात फेरे लेने से पहले प्रेमी के साथ फरार हो गई। बारात दरवाजे पर खड़ी रही, बाराती और धाराती विवाह के उत्सव में लीन थे और इसी मौके का फायदा दुल्हन और उसके प्रेमी ने उठाया।
दुल्हन ने मुंह धोने के लिए बहाना बनाया और बाहर इंतजार कर रहे अपने प्रेमी के साथ भाग गई। दोनों के बीच दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दुल्हन का परिवार इस शादी के लिए तैयार नहीं था। जिसकी वजह से उन दोनों को यह कदम उठाना पड़ा।
इस घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। दुल्हन के भाग जाने की खबर जब दूल्हे को पता चली तो उसके पैरों तले जमीन ही खिसक गयी। झारखंड से आई बारात को निराश होकर लौटना पड़ा। इसके बाद थाने में आपराधिक शिकायत दर्ज करायी गयी। पुलिस ने प्रेमी की मां को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को पकड़ लिया जाएगा।
शादी की तारीख तक बदली
जानकारी के मुताबिक, ये शादी 13 मार्च को होनी थी। लेकिन किन्हीं कारणों से तारीख बदलकर 14 मार्च कर दी गई। शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। रात करीब 11 बजे बारात झारखंड के देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र के संथाली गांव पहुंची।
दोनों परिवारों में उत्साह का माहौल था। बारातियों ने डीजे पर जमकर डांस किया और दुल्हन पक्ष बारातियों के स्वागत के लिए बड़ी खुशी से तैयारियाँ कर रहा था, तभी ये हादसा परिवार के साथ लड़की ने कर दिया।

दुल्हन के परिजनों ने थाने में दी तहरीर
इस दौरान अचानक लड़की पक्ष के परिजनों को पता चला कि रिश्तेदारी में रह रहा लड़का जो रिश्ते में लड़की का भाई लगता था और उसका नाम अरविंद यादव था, उनकी बेटी को अपने साथ भगा ले गया है। परिजनों ने दुल्हन यानी लड़की को खोजने का प्रयास किया, लेकिन वह कहीं नहीं मिली।
बताया जाता है कि इसी प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों परिवारों में विवाद हो गया था। मामला कोर्ट में भी गया, लेकिन आपसी सहमति से मामला वापस ले लिया गया। लेकिन शादी के दिन दोनों ऐसे ही भाग जाते हैं। इसका अंदाजा किसी को नहीं था। इस घटना के बाद से गांव के लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।