हरियाणा में अगले तीन से चार घंटे में बारिश हो सकती है। HAU यानी हिसार कृषि विश्वविधालय के मौसम विभाग के शाम 7 बजे के अपडेट के अनुसार, अगले तीन से चार घंटों के दौरान हरियाणा के हिसार, भिवानी, चरखीदादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर और आसपास के इलाकों में हवा और गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। हरियाणा का मौसम इस समय बदला हुआ है।
गौरतलब है कि हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार सुबह चार जिलों में बूंदाबांदी हुई थी। अधिकांश जिले बादलों से ढके हुए हैं और मौसम विभाग ने आंधी और बूंदाबांदी के साथ येलो चेतावनी जारी की है। इससे पहले गुरुवार शाम को हिसार और नारनौल जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश और ओलावृष्टि हुई।
हिसार के कालवास गाँव में अब से कुछ देर पहले ही बरसात का समाचार प्राप्त हुआ है। यहाँ और आसपास के गांवों में 8 मिलीमीटर तक बारिश की खबर है। प्रदेश में बरसात का ये मौसम 20 मार्च तक बना रहेगा। इस दौरान 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेगी। आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होगी।

आईएमडी ने दी ये जानकारी
आईएमडी चंडीगढ़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और कम हवाओं के कारण 17 मार्च को हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। कहीं-कहीं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बारिश और बादलों की गर्जना हुई। कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत व आसपास के इलाकों में सुबह बूंदाबांदी हुई।
इन जिलों के लिए दिया गया है येलो अलर्ट
हिसार यूनीवर्सिटी के मौसम विभाग ने हरियाणा के 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और चरखी दादरी में 3 दिनों तक बारिश और आंधी की संभावना है।